बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती को लेकर लगातार खुलासे हो रहे हैं। दुर्ग जिले के बाद अब बलरामपुर जिले में भी अफीम की खेती का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
https://youtube.com/shorts/kd-R8DGtlHI?feature=share
तीन एकड़ खेत में मिली अफीम की फसल
मामला बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव का बताया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब तीन एकड़ जमीन में अफीम की अवैध खेती की जा रही थी। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस और प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
इस मामले की पुष्टि बलरामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी ने की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम खेत तक पहुंची और पूरे मामले की जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
लीज पर ली गई जमीन पर की जा रही थी खेती
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अफीम की खेती के लिए जमीन लीज पर ली गई थी। बताया जा रहा है कि दो व्यक्तियों ने यह जमीन किराए पर लेकर खेती शुरू की थी। आरोपियों की पहचान रूपदेव और कौशल के रूप में हुई है, जो झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों ने कथित तौर पर दिवाली के आसपास जमीन लीज पर ली थी और उसके बाद से इस फसल की खेती कर रहे थे।
दुर्ग में भी सामने आया था ऐसा ही मामला
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा गांव में भी बड़े पैमाने पर अफीम की खेती का खुलासा हुआ था। वहां मक्के के खेत के अंदर करीब पांच एकड़ जमीन में अफीम की फसल उगाई जा रही थी। इस कार्रवाई को दुर्ग पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की टीम ने अंजाम दिया था।
दुर्ग मामले में कई आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग के मामले में पुलिस ने विनायक ताम्रकार, गोलू ठाकुर और विकास विश्नोई को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा राजस्थान के जोधपुर निवासी अचला राम जाट की तलाश की जा रही है, जिसे इस पूरे नेटवर्क का मुख्य संचालक बताया जा रहा है।
राजनीतिक हलकों में भी हलचल
दुर्ग मामले में एक राजनीतिक नेता का नाम सामने आने के बाद मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा में आ गया। संबंधित पार्टी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नेता को संगठन से निलंबित कर दिया है।
.jpg)
एक टिप्पणी भेजें